क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल: लुधियाना में हरियाणा के कुख्यात गैंगस्टर अमित डागर को ले जा रही पुलिस की गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। टायर फटने से गाड़ी पलट गई, जिसमें अमित डागर की दोनों टांगें टूट गईं, जबकि चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को रायकोट के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात मेडिकल जांच के बाद जगराओं से लौटते समय चौकीमान टोल प्लाजा के पास यह हादसा हुआ। इस दौरान ASI गुरमीत सिंह को गंभीर चोटें आई हैं।
अमित डागर को 9 जनवरी को बद्दोवाल स्थित लग्जरी कार शोरूम पर फायरिंग के मामले में 19 जनवरी को झज्जर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया था। वह कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी का सहयोगी बताया जाता है, जिसने पूछताछ में अमित का नाम लिया था।
पुलिस का कहना है कि अमित डागर जेल में रहते हुए भी नेटवर्क के जरिए रंगदारी व अवैध वसूली में शामिल रहा है। वह वही गैंगस्टर है, जिसने खुद को बड़ा नाम साबित करने के लिए लॉरेंस बिश्नोई से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी।

