पंजाब पुलिस की स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) ने पाकिस्तान में बैठे आतंकी शहजाद भट्टी के करीबी सहयोगी रमन कुमार उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया है। आरोपी जम्मू के गंग्याल का रहने वाला है और उसके पास से 30 बोर का पिस्टल बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, रमन कुमार इंस्टाग्राम के जरिए शहजाद भट्टी के संपर्क में आया था और उसके निर्देश पर काम कर रहा था। हथियार भी भट्टी के ऑपरेटिव के माध्यम से मुहैया कराए गए थे। रमन अंबाला पुलिस स्टेशन ब्लास्ट मामले में भी शामिल रहा है, जहां उसने हमलावरों को आर्थिक मदद दी थी।
FIR नंबर 13 (दिनांक 10 दिसंबर 2025) के तहत आर्म्स एक्ट और BNS की धाराओं में मामला दर्ज है। SSOC के AIG दीपक पारिख ने कहा कि इस गिरफ्तारी से शहजाद भट्टी के आतंकी नेटवर्क की एक अहम कड़ी टूटी है और आगे भी उसके पूरे मॉड्यूल को खत्म करने के लिए कार्रवाई तेज की जाएगी।

