क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल: पंजाब के मोगा जिले के कस्बा बाघापुराना में शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े फायरिंग की घटना सामने आई है। बस स्टैंड के पास कोटकपूरा रोड स्थित एक जिम के बाहर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी कर दी, जिसमें गांव पत्तों हीरा सिंह वाला के सरपंच हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी की गोली लगने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार करीब दोपहर 12 बजे सरपंच हरप्रीत सिंह जिम के बाहर खड़े थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मोगा के एसएसपी अजय गांधी ने बताया कि हमलावरों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं और मामले की जांच जारी है।

