क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल : पंजाब पुलिस ने बरनाला में गैंगस्टर दविंदर बंबीहा गिरोह से जुड़े चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस नाके पर रोकने की कोशिश के दौरान आरोपियों ने फायरिंग कर दी, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें काबू कर लिया। पकड़े गए बदमाशों से हथियार बरामद हुए हैं और उनके वाहन को भी जब्त किया गया है। आरोपियों की पहचान सतनाम सिंह उर्फ सत्ती, गुरप्रीत उर्फ गुरी, सरम सिंह उर्फ रिंकू और दीपक सिंह के रूप में हुई। सभी आरोपियों के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। उम्मीद है कि आने वाले समय में इस पूछताछ से बड़े खुलासे होंगे। यह घटना बरनाला की है, जहां पुलिस ने नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान आरोपी वाहन समेत वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया तो उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। हालांकि पुलिस कर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को सुरक्षित रखा और पीछा कर आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी एक बड़ी डकैती की साजिश रच रहे थे। सतनाम सिंह एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित 22 से ज़्यादा मामले दर्ज हैं।