बठिंडा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, थाना शहर पुलिस ने परसराम नगर स्थित एक बिल्डिंग में छापा मारा, जहां ड्रग्स सेवन और सप्लाई की सूचना मिली थी।
छापेमारी के दौरान आरोपी नीरज उर्फ काला ने देसी कट्टे से पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने पहले हवा में गोली चलाई, लेकिन दोबारा फायरिंग होने पर नीरज के बाएं पैर में गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया।
मौके से नीरज समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी को इलाज के लिए सिविल अस्पताल बठिंडा में भर्ती कराया गया है। एसपी सिटी नरिंदर सिंह के मुताबिक, आरोपी रेलवे स्टेशन पर आने वाले नशे के आदी लोगों को निशाना बनाकर लूटपाट भी करते थे। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

