पंजाब पुलिस ने नशा मुक्त अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कपूरथला में पाकिस्तान समर्थित अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक महिला समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 16.8 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलविंदर सिंह, सुमनप्रीत कौर, हरपाल सिंह और जसकरनबीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति बलेनो कार भी जब्त कर ली है।
DGP गौरव यादव के अनुसार, यह खेप अमृतसर बॉर्डर एरिया से लाई गई थी और इसे चंडीगढ़ पहुंचाया जाना था। गुप्त सूचना के आधार पर फगवाड़ा पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपियों को पकड़ा, जिन्होंने भागने के दौरान पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। पुलिस को कार रोकने के लिए टायरों पर फायरिंग करनी पड़ी। मामले में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर पूरे नेटवर्क की जांच जारी है, और आगे और गिरफ्तारियों की संभावना जताई गई है।

