क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल: गणतंत्र दिवस से 48 घंटे पहले पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद क्षेत्र में रेलवे लाइन पर जोरदार धमाका हुआ। यह घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे उस समय हुई, जब एक मालगाड़ी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) की नई रेल लाइन से गुजर रही थी। खानपुर फाटकों के पास धमाके से करीब 12 फीट रेलवे ट्रैक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और इंजन को नुकसान पहुंचा।
धमाके में मालगाड़ी के इंजन चालक को चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। रेलवे ट्रैक और स्लीपर के टुकड़े-टुकड़े हो गए। सूत्रों के मुताबिक, इसमें आरडीएक्स के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद रेलवे और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और रात में ही ट्रैक की मरम्मत शुरू की गई। पुलिस ने धमाके की पुष्टि की है, लेकिन कारणों पर अभी कुछ कहने से इनकार करते हुए जांच अलग-अलग एंगल से शुरू कर दी है।

