क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल: होशियारपुर के मंडियाला गांव के पास देर रात बड़ा हादसा हो गया। LPG से भरे एक टैंकर में भीषण ब्लास्ट हो गया, जिसमें जिंदा जल जाने से 2 लोगों की मौत हो गई जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनमें से कुछ 30 से 80 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं।
जानकारी के अनुसार, LPG टैंकर की एक मिनी ट्रक से टक्कर हो गई, जिसके बाद टैंकर पलट गया और अचानक उसमें आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि आसपास का इलाका इसकी चपेट में आ गया। इस हादसे में करीब 17 दुकानें और 4 घर जलकर राख हो गए।
होशियारपुर की डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे तक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था। उन्होंने कहा कि स्थिति सामान्य होने के बाद ही हादसे के कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाएगा।
वहीं, होशियारपुर के सिविल सर्जन पवन कुमार ने जानकारी दी कि अस्पताल में 2 लोगों को मृत अवस्था में लाया गया, जबकि 20–22 लोग भर्ती हैं। गंभीर रूप से झुलसे कई मरीजों को अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है। अभी तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। यह हादसा इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर गया।