पंजाब के कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी सबडिवीजन में शुक्रवार दोपहर जालंधर-सुल्तानपुर लोधी रूट पर चल रही PRTC बस को कुलारां के पास बदमाशों ने रोक लिया। सफेद होंडा सिटी कार में आए 3-4 युवकों में से दो आरोपी धारदार हथियार लेकर बस में घुस गए और कंडक्टर को धमकाते हुए उसके बैग से करीब 800-900 रुपये की नकदी लूट ली।
अचानक हुई इस घटना से बस में बैठे यात्री दहशत में आ गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बस स्टाफ ने तुरंत मोथांवाला पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

