क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल, नशा तस्करी के खिलाफ अपनी सख्त कार्रवाई के लिए पहचाने जाने वाले पंजाब पुलिस के डीएसपी दलजीत सिंह का सोमवार देर शाम निधन हो गया। वह 51 वर्ष के थे और लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे।
डीएसपी दलजीत सिंह का इलाज मोहाली के मैक्स अस्पताल में चल रहा था। किडनी फेल होने के कारण उनका नियमित डायलिसिस किया जा रहा था। वह पिछले लगभग एक वर्ष से मेडिकल लीव पर थे।
वह लुधियाना देहाती पुलिस के एंटी नारकोटिक विंग में तैनात रहे और लंबे समय तक नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते रहे। अपनी ईमानदारी, निष्ठा और साहस के कारण उन्हें एक दृढ़ और निडर अधिकारी के रूप में जाना जाता था।
उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। विभाग ने एक कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित अधिकारी को खो दिया है। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को उनके पैतृक गांव भुनरहेड़ी (जिला पटियाला) में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
