क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल : अमृतसर में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने CIA-2 में तैनात सिपाही आदर्शदीप सिंह को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सिपाही ने एक व्यक्ति से एफआईआर दर्ज न करने की एवज में 60 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी।
यह मामला मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पर दर्ज शिकायत के बाद सामने आया। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी सिपाही ने उसके पड़ोसी कृष्ण कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज न करने के लिए रिश्वत मांगी थी। कृष्ण कुमार पहले नशा तस्करी में लिप्त था, लेकिन अब वह सुधर कर एक निजी सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम कर रहा है।
CIA-2 की टीम ने हाल ही में कृष्ण कुमार के घर छापा मारा, लेकिन वहां से कोई अवैध वस्तु बरामद नहीं हुई। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी सिपाही पहले ही 50 हजार रुपए ले चुका था और अब शेष 10 हजार रुपए की मांग कर रहा था।
विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई। इसके बाद आरोपी सिपाही के खिलाफ भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जल्द ही उसे अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच फिलहाल जारी है।