चंडीगढ़, जालंधर समेत पंजाब के कई स्कूलों और सरकारी इमारतों को सोमवार को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड ने सभी संवेदनशील जगहों पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया, जबकि एहतियातन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी तैनात की गईं।
धमकी भरे ईमेल में पंजाब के CM भगवंत मान, DGP गौरव यादव, हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी और AAP नेता अरविंद केजरीवाल को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। इसके अलावा फिरोजपुर कोर्ट कॉम्प्लेक्स और अमृतसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को उड़ाने की भी धमकी दी गई है।
ईमेल में जालंधर के स्कूलों में ब्लास्ट का समय तक लिखा गया और भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल करते हुए खालिस्तान से जुड़ी बातें भी लिखी गईं। हालांकि, स्कूल प्रशासन ने घबराहट से बचने के लिए छुट्टी नहीं की और बच्चे सामान्य रूप से स्कूल में मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल को जांच में लगाया गया है और ईमेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

