अमृतसर के बटाला रोड इलाके में शनिवार को एक खाली प्लॉट में ऑटो चालक कमल किशोर सैनी की खून से लथपथ लाश मिली। वह शुक्रवार रात से लापता था। सुबह विजय नगर में उसका ऑटो खड़ा मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां ऑटो के पीछे उसका शव पड़ा मिला।
कमल के सिर पर गहरी चोटों के निशान थे और पास में खून से सनी ईंटें मिलीं। आशंका है कि अज्ञात हमलावरों ने ईंट मारकर हत्या की है। इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी प्लॉट में पहले भी कई शव मिल चुके हैं और यहां नशे व चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

