तरनतारन में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) के 45 वर्षीय सरपंच हरबिंदर सिंह की बुधवार (18 फरवरी) को गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सिद्धू फार्म में उनके चचेरे भाई की शादी के दौरान दोपहर करीब ढाई बजे हुई।
जानकारी के मुताबिक हमलावर बराती बनकर समारोह में घुसे। जब सरपंच स्टेज पर दोस्तों के साथ डांस करने के बाद सोफे पर बैठे, तभी भीड़ में से एक युवक ने उन पर पेट और सिर में चार गोलियां दाग दीं। सरपंच की मौके पर ही मौत हो गई।
हमले के बाद जब उनके चचेरे भाई जर्मनजीत सिंह ने आरोपियों का पीछा किया तो हमलावरों ने उसके पैर में गोली मार दी। जर्मनजीत को अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वारदात के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक हमलावर के पास एके-47 जैसा हथियार था।
मामले में लापरवाही बरतने पर DGP गौरव यादव ने पट्टी के डीएसपी जगबीर सिंह और सरहाली थाने के SHO गुरविंदर सिंह को सस्पेंड कर दिया है। सरपंच के चचेरे भाई गुरजीत सिंह ने सवाल उठाया कि शादी समारोह के दौरान पैलेस के अंदर हथियार कैसे पहुंच गए। उन्होंने सरकार से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

