पंजाब के अमृतसर से बेहद दुखद खबर सामने आई है। गुरु नानक देव अस्पताल में 45 वर्षीय मरीज बलजिंदर सिंह ने पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान वेरका का रहने वाला बलजिंदर के तौर पर हुई है।
कुछ दिन पहले एक दुर्घटना में बलजिंदर के सिर और हाथ में चोटें आई थीं। उसका गुरु नानक देव अस्पताल में इलाज चल रहा था। डॉक्टरों ने उसे पहले छुट्टी दे दी थी। आज उसका ऑपरेशन होना था।
बलजिंदर अपने परिजनों के साथ अस्पताल आया था। वह अचानक अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर गया और नीचे छलांग लगा दी। नीचे गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उसके भाई के बयानों के मुताबिक बलजिंदर सिंह डिप्रेशन का मरीज था।