जालंधर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 1 किलो 564 ग्राम हेरोइन, एक अवैध पिस्तौल और तस्करी में इस्तेमाल हो रहा मोटरसाइकिल बरामद किया है। दोनों आरोपियों की पहचान जसकरण सिंह (26) निवासी गांव मुच्छल, अमृतसर और जगजीत सिंह (29) निवासी चमकौर साहिब, रूपनगर के रूप में हुई है।
पुलिस को सुचना मिली थी कि आरोपी जालंधर-फगवाड़ा हाईवे पर स्थित पटवारी ढाबा के पास नशे की सप्लाई देने जा रहे है। जैसे ही आरोपी वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस की BMW गाड़ी लेकर भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा किया और उन्हें रोकने के लिए हवाई फायरिंग भी की। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों को दोबारा काबू कर लिया। पुलिस अब आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर उनके नेटवर्क की जांच करेगी।
