जालंधर के महतपुर इलाके के गांव उदोवाल में एक युवा कबड्डी खिलाड़ी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान वंश के रूप में हुई है, जिसने दो साल पहले 12वीं पास की थी और स्कूल स्तर पर कई कबड्डी टूर्नामेंट खेल चुका था।
जानकारी के अनुसार वंश की डेडबॉडी बालोकी खेड़ा रोड के पास मिली, जिसकी पहचान राहगीरों ने कर गांव के सरपंच और परिवार को सूचना दी। सरपंच ने नशे की ओवरडोज की आशंका जताते हुए कहा कि गांव में 21 दिनों के अंदर यह दूसरी संदिग्ध मौत है।
हालांकि पुलिस का कहना है कि परिवार ने पोस्टमार्टम करवाए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया, इसलिए अभी मौत के सही कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव के पंच मनप्रीत सिंह के मुताबिक वंश एक अच्छा खिलाड़ी था, लेकिन पढ़ाई के बाद वह गलत संगत में पड़ गया और नशे की लत का शिकार हो गया। इससे पहले 17 फरवरी को गांव के ही जसदीप सिंह जस्सा की भी संदिग्ध ओवरडोज से मौत हुई थी।

