क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल, जालंधर: खेत में शौच के लिए गए 6 वर्षीय बच्चे पर 5-6 आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बच्चा अपनी मां के साथ खेत में पिता को खाना देने गया था।
हमले के दौरान कुत्तों ने उसके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों पर बुरी तरह काटा। चीख सुनकर माता-पिता मौके पर पहुंचे और बच्चे को कुत्तों से छुड़ाया। गंभीर हालत में उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान इतवारी (6) के रूप में हुई है, जो सुल्तानपुर लोधी के गिला गाखला में रहता था। परिवार मूल रूप से यूपी के बहराइच का रहने वाला है। बच्चा अपने माता-पिता की इकलौती संतान था।पिता के मुताबिक, वह खेत में आलू की बुआई कर रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।

