जालंधर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एपीजे स्कूल और पुलिस डीएवी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। बताया जा रहा है कि यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई, जिसके बाद स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम के साथ बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए। स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्र की सघन तलाशी ली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ई-मेल की तकनीकी जांच की जा रही है ताकि भेजने वाले की पहचान की जा सके। फिलहाल एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
