क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल: पंजाब सरकार की नशा विरोधी मुहिम ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के तहत जालंधर में एक और बड़ी कार्रवाई की गई। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने गांव जमशेर खास के निम्मा वाला मोहल्ले में एक कुख्यात नशा तस्कर से जुड़ी अवैध संपत्ति को ढहा दिया।
यह कार्रवाई ग्राम पंचायत जमशेर, एसडीएम कार्यालय और जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के सहयोग से की गई। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के अनुसार इस पूरी कार्रवाई की निगरानी एडीसीपी-2 हरिंदर सिंह गिल और एडीसीपी कैंट सरबजीत सिंह ने की।
जानकारी के मुताबिक यह अवैध निर्माण जेम्स उर्फ साबी पुत्र टेक चंद, निवासी गांव जमशेर खास, द्वारा पंचायत की जमीन पर किया गया था। जेम्स उर्फ साबी कुख्यात नशा तस्कर था, जिसके खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट और एक्साइज एक्ट के तहत 16 मामले दर्ज थे।
बताया गया है कि आरोपी पहले कपूरथला जेल में बंद था और बीमारी के चलते इलाज के दौरान अमृतसर के एक अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी। वर्तमान में उक्त पते पर उसकी पत्नी सतिया देवी और बेटा करन रह रहे हैं, जिनके खिलाफ भी थाना सदर जालंधर में एक-एक मामला दर्ज है। 
जालंधर पुलिस ने साफ किया है कि जिले में नशे से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशा तस्करी या इससे जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी सरकार के जारी व्हाट्सएप नंबर 9779-100-200 पर साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
