क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल : जालंधर देहात पुलिस ने जन सुरक्षा को सुनिश्चित करने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के उद्देश्य से ज़िले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष चेकिंग एवं कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (कासो) चलाया। यह अभियान एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क के दिशा-निर्देशों तथा पुलिस कप्तान (स्थानिक/तफ्तीश) डॉ. मुकेश कुमार की निगरानी में संपन्न हुआ।
13 फरवरी 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस ऑपरेशन के दौरान जालंधर ग्रामीण क्षेत्र के 10 रेलवे स्टेशनों की गहन जांच की गई। अभियान की निगरानी के लिए 5 गजटेड अधिकारियों को तैनात किया गया, जबकि 12 पुलिस पार्टियों में 120 कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
ऑपरेशन के दौरान 82 संदिग्ध व्यक्तियों की पैस ऐप के माध्यम से जांच की गई। साथ ही पार्किंग में खड़े वाहनों की भी विस्तृत जांच की गई, जिसमें 3 दिनों से अधिक समय से खड़े 12 दोपहिया और 94 अन्य वाहनों का वाहन ऐप से सत्यापन किया गया। पुलिस ने बताया कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से चेकिंग प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया गया है, ताकि किसी भी संभावित आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

