जालंधर कमिश्नरेट पुलिस को आपातकालीन सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए बड़ी सौगात मिली है। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम (ERS) और Dial-112 हेल्पलाइन के तहत 16 नई गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर जनता की सेवा में शामिल किया। यह कार्यक्रम पुलिस लाइन जालंधर में आयोजित किया गया, जिसमें DCP (HQ) हरविंदर सिंह हीरा, ADCP (इन्वेस्टिगेशन) जसप्रीत सिंह और ACP (HQ) मनिंदर सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन नई गाड़ियों के शामिल होने से शहर में आपातकालीन कॉल्स पर प्रतिक्रिया और तेज व प्रभावी होगी। इन गाड़ियों को शहर के जोन-1 और जोन-2 में तैनात किया गया है और हर गाड़ी में 4-4 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो दिन-रात शिफ्ट में काम करेंगे। ये टीमें आपातकालीन कॉल, पेट्रोलिंग और चेकिंग जैसे कार्यों को अंजाम देंगी।
गाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है, जिनमें टैबलेट (कंप्यूटर सिस्टम), वायरलेस कम्युनिकेशन सेट और फर्स्ट-एड किट शामिल हैं। इसके अलावा, सभी गाड़ियों को इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) से जोड़ा गया है, जिससे उनकी लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी और जरूरत पड़ने पर तुरंत निर्देश जारी किए जा सकेंगे।
कमिश्नरेट पुलिस ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य जनता को त्वरित और प्रभावी पुलिस सेवा प्रदान करना, शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाना और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। अधिकारियों ने तैनात पुलिस कर्मियों को ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाने के निर्देश भी दिए।

