जालंधर के मकसूदां–नंदनपुर रोड स्थित एक मनी एक्सचेंज की दुकान पर शुक्रवार दोपहर फिल्मी स्टाइल में लूट की वारदात सामने आई। गन प्वाइंट पर 600 यूरो लूटने आए बदमाशों को उस समय मुंह की खानी पड़ी जब दुकानदार, जो कि पूर्व फौजी हैं, ने बहादुरी दिखाते हुए लुटेरे की पिस्टल छीन ली।
जानकारी के अनुसार, नंदनपुर रोड पर कमल टूर एंड ट्रैवल के साथ प्रॉपर्टी का काम करने वाले पूर्व सैनिक तजिंदर सिंह के पास दोपहर करीब 2:54 बजे एक युवक पहुंचा। उसने “पैरी पैणा” कहकर बातचीत शुरू की और बताया कि उसका यूरोप का वीजा लग गया है तथा उसे 600 यूरो की जरूरत है।
जैसे ही तजिंदर सिंह ने 600 यूरो गिनकर टेबल पर रखे, युवक ने अचानक पिस्टल निकाल ली और पैसे उठाने की कोशिश की। लेकिन पूर्व फौजी ने फुर्ती दिखाते हुए उसकी पिस्टल छीन ली और आरोपी को तीन-चार बार दीवार से टकरा दिया।
हड़बड़ाया बदमाश किसी तरह दरवाजा खोलकर बाहर भाग निकला, जहां उसका साथी पहले से बाइक स्टार्ट कर इंतजार कर रहा था। दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

