क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल , लुधियाना पुलिस ने नकली नोट बनाने और सप्लाई करने वाले 2 नौसरबाजों को गुरुवार देर शाम पकड़ा था। जबकि, एक आरोपी मौके से फरार हो गया। फरार आरोपी के पास ही नोट छापने वाला प्रिंटर व अन्य सामान है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने पांच लाख दस हजार रुपये के नकली नोट और एक कार बरामद की है। पकड़े आरोपियों ने कई खुलासे किए। नौसरबाजों ने इंटरनेट से नकली नोट बनाना सीखा है।
पकड़े गए आरोपी जगराओं के सोहन सिंह उर्फ सोनी और मनदीप सिंह उर्फ मनु हैं जबकि फरार आरोपी बख्तौर सिंह है जोकि इनका सरगना है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश करनी शुरू कर दी है। जानकारी मुताबिक थाना सराभा नगर की पुलिस इलाके में गश्त पर मौजूद थी। इस दौरान उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ लोग नकदी नोट छापने का धंधा करते हैं जोकि इलाके में नकली नोट बेचने आ रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों को नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार कर लिया।