जालंधर के पॉश इलाके मोता सिंह नगर स्थित वरदान IVF सेंटर पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने सख्त कदम उठाए हैं। घटना को गंभीर लापरवाही मानते हुए ACP मॉडल टाउन परमिंदर सिंह और मॉडल टाउन थाना के SHO रविंदर कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
शनिवार रात करीब 9:30 बजे एक हेलमेट पहने युवक बाइक पर पहुंचा और महज 3 सेकेंड में 4 गोलियां दाग दीं। गोलियां सेंटर के गेट को आर-पार कर गईं। वारदात CCTV में कैद हो गई है। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान के लिए टेक्निकल टीमें तैनात कर दी हैं। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
