जालंधर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए कमिश्नरेट पुलिस ने ‘CASO’ के तहत विशेष तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों के सामान की गहन जांच की गई।
पुलिस टीमों ने प्लेटफॉर्म पर रखे लावारिस बैग और संदिग्ध वस्तुओं की बारीकी से जांच की। डॉग स्क्वॉयड को भी ऑपरेशन में शामिल किया गया, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके। मौके पर आकर्षि जैन सहित एसीपी रैंक के अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने विभिन्न टीमों को अलग-अलग हिस्सों में तैनात कर सघन जांच के निर्देश दिए।
सिर्फ स्टेशन परिसर ही नहीं, बल्कि पार्किंग एरिया में खड़े वाहनों की भी जांच की गई। पार्किंग ठेकेदार से लंबे समय से खड़े वाहनों के बारे में पूछताछ कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। साथ ही ऑटो चालकों की भी चेकिंग की गई।
पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने को दें। फिलहाल इस विशेष अभियान के दौरान कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनज़र ऐसे ऑपरेशन आगे भी जारी रहेंगे।
