जालंधर में नगर निगम की टीम ने होटल पार्क प्लाजा पर कार्रवाई करते हुए जेसीबी से दीवार का हिस्सा गिरा दिया। जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई, कांग्रेस नेता राजेंद्र बेरी मौके पर पहुंचे और निगम टीम के साथ तीखी बहस हो गई, जिससे माहौल गरमा गया।
हंगामे के चलते कुछ देर के लिए कार्रवाई रोकनी पड़ी, वहीं भाजपा और कांग्रेस के नेता मौके पर धरने पर बैठ गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए भाजपा नेता शीतल अंगुराल और सुशील रिंकू को हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि इस होटल पर पिछले एक महीने से प्रशासन की कार्रवाई जारी थी। होटल मालिक पहले कोर्ट भी पहुंचे थे और उन्हें स्टे मिला था, लेकिन इसके बावजूद आज फिर कार्रवाई की गई।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। विरोध और तनाव के बीच प्रशासन ने कार्रवाई जारी रखी और लोगों को पीछे हटाया। फिलहाल इलाके में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
