क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल : जालंधर के शाहकोट इलाके में नशा विरोधी कार्रवाई अब विवादों में घिर गई है। गांव दौलतपुर ढड्डा की एक CCTV वीडियो तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें पुलिसकर्मी अपनी निजी गाड़ी की डिक्की से नीला ड्रम निकालकर आरोपी के घर ले जाते दिख रहे हैं।
जबकि FIR नंबर-90 (9 अप्रैल) में दावा किया गया है कि 35 लीटर लाहन घर से बरामद हुई थी। वीडियो में पहले सफेद XUV से ड्रम निकाला जाता है और फिर पुलिस टीम रेड करती नजर आती है, जिससे कार्रवाई की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामला सामने आने के बाद एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने तुरंत एक्शन लेते हुए SHO बलविंदर सिंह, ASI सुखविंदर सिंह और एक महिला कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं एसपी विनीत को जांच सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि अगर जांच में आरोप सही पाए गए, तो दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।