जालंधर रेंज में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 2 किलो 23 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी बाइक पर हेरोइन की सप्लाई देने जा रहे थे। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी और जसवंत सिंह उर्फ जस्सा, निवासी फिरोजपुर के रूप में हुई है। कार्रवाई स्पेशल डीजीपी (ANTF) कुलदीप सिंह और एडीजीपी निलाभ किशोर के निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। एआईजी जगजीत सिंह सरोआ और डीएसपी बिक्रमजीत सिंह की अगुवाई में टीम ने मल्लांवाला-फिरोजपुर रोड पर गांव गुलामी के पास नाकेबंदी के दौरान दोनों को दबोचा।
तलाशी के दौरान जसप्रीत से 1 किलो 06 ग्राम और जसवंत से 1 किलो 17 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। एसएएस नगर (मोहाली) स्थित ANTF थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गरीबी और जल्दी अमीर बनने की लालच को तस्करी का कारण बताया है।
