जालंधर के सुदामा विहार में इलाके में मोबाइल फोन न देने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ युवकों ने पहले चिकन की रेहड़ी लगाने वाले करन और उसके बेटे के साथ मारपीट की और बाद में रंजिश में उनके घर पर ईंट-पत्थर और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में करन की माँ ननकाई देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, लेकिन बाद में उनकी तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावर युवक इलाके में नशे का कारोबार करते हैं। सूचना मिलने पर थाना-7 की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवाकर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
