क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल: भारतीय क्रिकेट टीम ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए टी20 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। टीम इंडिया ने फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीत लिया। इसके साथ ही भारत लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गया है।
इस ऐतिहासिक मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और न्यूजीलैंड के सामने बड़ा लक्ष्य खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और पूरी टीम 159 रन पर सिमट गई।
भारत की ओर से बल्लेबाजी में संजू सैमसन ने 89 रन और ईशान किशन ने 54 रन की बेहतरीन पारी खेली। वहीं गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने 4 विकेट लेकर न्यूजीलैंड की कमर तोड़ दी, जबकि अक्षर पटेल ने भी 3 विकेट झटके।
इस जीत के साथ भारत ने एक और बड़ा इतिहास रच दिया। पहली बार किसी देश ने अपने ही घर में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता है। टीम इंडिया की इस जीत से पूरे देश में जश्न का माहौल है और क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

