क्राइम खबरनामा, गौरव नागपाल: पंजाब कांग्रेस सांसद, पूर्व डिप्टी सीएम और राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा के बेटे उदयवीर रंधावा को कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया ने जान से मारने की धमकी दी है।
रंधावा ने गुरुवार देर रात सोशल मीडिया पर इस बात की जानकारी दी और आरोप लगाया कि उनके बेटे से मिलने के ठीक एक घंटे बाद उस पर फायरिंग हुई।
घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे फतेहगढ़ चूरियां कस्बे में स्थित एक पगड़ी सेंटर पर हुई, जो परमिंदर सिंह के स्वामित्व में है। यहां दो अज्ञात बाइक सवारों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। बताया जा रहा है कि इस हमले से एक घंटे पहले तक उदयवीर रंधावा वहीं पर मौजूद थे। इसके बाद गैंगस्टर भगवानपुरिया की ओर से उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
सुखजिंदर रंधावा ने इस घटना को लेकर पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया कि उन्होंने पंजाब को गैंगस्टरों का अड्डा बना दिया है।
रंधावा ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और इस तरह की घटनाएं आम लोगों के बीच डर और असुरक्षा का माहौल पैदा कर रही हैं।